बहराइच/रिसिया। जिले में मंगलवार को हुए अलग-अलग सड़क हादसों में एक किसान की मौत हो गई, जबकि दो युवक घायल हो गए। घायलों का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। कैसरगंज थाना के भखरौली निवासी सोहन लाल (55) मंगलवार सुबह खेत पर काम करने गए थे। दोपहर करीब 12 बजे घर लौटते समय बहराइच-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आकर वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
उधर, रिसिया थाना क्षेत्र में बहराइच-रिसिया मार्ग पर पॉलीटेक्निक मोड़ के पास एक तेज रफ्तार कार और बाइक की टक्कर में बाइक सवार कलीम (30) और रफीक (25) निवासी चौखड़िया, थाना रामगांव घायल हो गए। दोनों को परिजनों ने निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के समय दोनों युवकों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था।