विशुनपुर राहू में फैक्टरी के पानी से जलभराव के विरोध में प्रदर्शन करते लोग।
धरासवां। चित्तौरा ब्लॉक की ग्राम पंचायत विशुनपुर राहू स्थित एक फैक्टरी से निकलने वाले गंदे पानी के कारण बघौड़ा मुख्य मार्ग पर करीब 150 मीटर तक जलभराव हो गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि केमिकल युक्त पानी से त्वचा संबंधी बीमारियां फैल रही हैं।
ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री, जिलाधिकारी और सांसद को शिकायती पत्र भेजकर फैक्टरी मालिक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। क्षेत्र के रमेश कुमार पांडेय ने बताया कि चरदहा चंदन, बेलभरिया और बेहनन पुरवा समेत 12 से अधिक गांवों के रास्ते प्रभावित हैं। सहजराम, ओम प्रकाश और तीरथ ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत के बावजूद फैक्टरी से पानी का निकास बंद नहीं किया गया। जलभराव के कारण दुर्गा पूजा के दौरान प्रतिमाओं को ले जाने में भी परेशानी हो रही है। खंड विकास अधिकारी अनुष्का श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की जांच कराकर उचित कार्रवाई की जाएगी।