हुजूरपुर-कैसरगंज मार्ग पर सिरौला चोराहे के पास प्रदर्शन करते लोग।
हुजूरपुर। आंधी-बारिश से क्षतिग्रस्त विद्युत लाइनों की मरम्मत न होने से हुजूरपुर ब्लॉक के करीब 50 गांवों में 15 दिनों से बिजली संकट बना हुआ है। इससे दो लाख की आबादी प्रभावित है। पानी की किल्लत और रोजमर्रा के कामकाज बाधित होने से नाराज ग्रामीणों ने सिरौला चौराहे पर सड़क जाम कर प्रदर्शन किया।
क्षेत्र पंचायत सदस्य हरिकेश सिंह पंडित ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया। अमित कुमार ने कहा कि विभाग चाहता तो इतने दिनों में नई लाइन तैयार कर सकता था। नेवासी, भेड़ियारी, सिरौला, भंगहा, बसंतपुर, यादवपुर मटेहिया, सहसलमपुर और निबुईकला समेत करीब 50 गांवों में बिजली आपूर्ति प्रभावित है।
प्रदर्शन की सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी विपिन प्रकाश सिंह ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया। हालांकि, बिजली संकट को लेकर उनका आक्रोश बरकरार है। अवर अभियंता विनोद कुमार ने बताया कि करीब 50 प्रतिशत गांवों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है। शेष गांवों में आपूर्ति शुरू कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।