माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं शुक्रवार को दूसरे दिन भी गहमागहमी के बीच हुईं। जिले के 121 केंद्रों पर परीक्षा हुई, लेकिन अव्यवस्थाओं का दौर खत्म नहीं हो सका। जिला विद्यालय निरीक्षक ने दो परीक्षा केंद्रों पर छापेमारी कर दो नकलची छात्राओं को पकड़ लिया। उधर, 878 छात्राओं ने इंटरमीडिएट गृह विज्ञान की परीक्षा छोड़ दी। इस दौरान अन्य केंद्रों पर केंद्र व्यवस्थापकों और कक्ष निरीक्षकों को अधिकारियों ने जिम्मेदारियों का पाठ भी पढ़ाया।
माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षाएं शुक्रवार को प्रथम पाली में 7:30 बजे जिले के 121 केंद्रों पर शुरू हुईं। हाईस्कूल के संगीत वादन की परीक्षा थी। इसके अलावा इंटरमीडिएट गृह विज्ञान प्रथम प्रश्न पत्र की परीक्षा थी। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय कंट्रोल रूम के प्रभारी अवधेश कुमार तिवारी ने बताया कि सुबह की पाली में 5574 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, लेकिन इंटर की 878 छात्राओं ने गृह विज्ञान की परीक्षा छोड़ दी।
4096 छात्राएं परीक्षा में शामिल हुईं। इस दौरान सुबह की पाली में परीक्षा व्यवस्था पर नजर रखने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक राजेंद्र कुमार पांडेय ने महसी क्षेत्र के विद्यालयों में छापेमारी की। बिंदेश्वरी प्रसाद स्मारक इंटर कॉलेज राजीचौराहा में निरीक्षण के दौरान इंटरमीडिएट की एक छात्रा नकल करते हुए मिली। उसकी कॉपी सील कर नकल अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
उधर, कुछ ही दूरी पर स्थित राजा भइया मेमोरियल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में डीआईओएस के निरीक्षण के दौरान यहां भी इंटर की एक छात्रा नकल करते हुए पकड़ी गई। उसकी भी कॉपी सील कर डीआईओएस ने कार्रवाई की। साथ ही दोनों परीक्षा केंद्रों के केंद्र व्यवस्थापकों को चेतावनी भी दी।
इसके अलावा क्षेत्र के अन्य आधा दर्जन परीक्षा केंद्रों का डीआईओएस ने मुआयना किया, लेकिन वहां कोई भी छात्र-छात्रा नकल करते हुए नहीं मिली। कुछ केंद्रों के बाहर भीड़ नजर आई। इस पर डीआईओएस ने नाराजगी जताई। हालांकि मौजूद पुलिस बल ने भीड़ को भगाया। कंट्रोल रूम प्रभारी ने बताया कि द्वितीय पाली में अरबी, फारसी की परीक्षा का आयोजन शांतिपूर्वक हुआ।