रुपईडीहा में बुधवार को टीवी पर बजट का प्रसारण देखते लोग। -संवाद
रुपईडीहा। बजट 2026 को लेकर कस्बे में अच्छा खासा उत्साह रहा। बुधवार को जैसे ही वित्तमंत्री ने बजट पेश किया, लोगों ने अपने-अपने घरों और दुकानों में टीवी और मोबाइल चालू कर लिया। भाजपा के निवर्तमान जिला कार्य समिति सदस्य रतन अग्रवाल ने अपने घर पर परिवार के साथ बैठकर बजट देखा। इस दौरान उनकी पत्नी बिमला अग्रवाल और पवन अग्रवाल भी साथ रहे।
बजट सुनने के बाद परिवार के लोगों ने कहा कि सरकार ने किसानों, युवाओं, महिलाओं और व्यापारियों को ध्यान में रखकर योजना बनाई है। रतन अग्रवाल ने कहा कि यह बजट आम लोगों के लिए राहत लेकर आया है और इससे प्रदेश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।
उधर, उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष अनिल अग्रवाल ने भी स्थानीय व्यापारियों के साथ बैठकर बजट का प्रसारण देखा। उनके साथ कन्हैया मित्तल, अमन मित्तल, शोभित अग्रवाल समेत कई व्यापारी मौजूद रहे। बजट खत्म होने के बाद सभी ने व्यापार, टैक्स व्यवस्था, छोटे उद्योगों और मध्यम वर्ग से जुड़े मुद्दों पर आपस में बात की।
अनिल अग्रवाल ने कहा कि छोटे व्यापारियों और एमएसएमई सेक्टर के लिए किए गए प्रावधान अच्छे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि इससे बाजार में रौनक बढ़ेगी और रोजगार के मौके भी बढ़ेंगे।
बजट देखते समय मौजूद लोगों ने सरकार की योजनाओं पर अपनी राय रखी और कहा कि अगर घोषणाएं जमीन पर सही तरीके से लागू हुईं तो आम जनता को इसका फायदा जरूर मिलेगा।