मिहींपुरवा/बहराइच। कतर्नियाघाट में बाघ और तेंदुओं के हमले ग्रामीणों की जान पर भारी पड़ रहे हैं। जंगल से निकलकर खेतों और गांवों तक पहुंच रहे वन्यजीवों से उनकी सुरक्षा पर खतरा बना हुआ है। 25 मई से 23 नवंबर के बीच हमलों में 17 लोगों की मौत और 28 लोग घायल हो चुके हैं।
इसके बावजूद कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग में वन्यजीवों को पकड़ने और उनके उपचार के लिए स्थायी रेस्क्यू सेंटर नहीं है। प्रदेश में 57.20 करोड़ रुपये से चार आधुनिक रेस्क्यू सेंटर विकसित किए जा रहे हैं, लेकिन मानव-वन्यजीव संघर्ष से प्रभावित बहराइच को इस योजना में जगह नहीं मिली है।
मानव-वन्यजीव संघर्ष से निपटने के लिए मेरठ, पीलीभीत टाइगर रिजर्व, महराजगंज और चित्रकूट के रानीपुर में रेस्क्यू सेंटर विकसित किए जा रहे हैं। वहीं, कतर्नियाघाट में बढ़ती घटनाओं को देखते हुए स्थानीय स्तर पर केंद्र स्थापित करने की मांग तेज हो गई है। बहराइच के सांसद डॉ. आनंद कुमार गोंड ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग में अलग तेंदुआ रेस्क्यू सेंटर स्थापित कराने की मांग की है।
सांसद ने 27 अक्तूबर को मुख्यमंत्री को सौंपे पत्र में जंगल से सटे गांवों में वन्यजीवों के हमलों से हो रही जनहानि का जिक्र किया है। उनके मुताबिक, कतर्नियाघाट का वन क्षेत्र करीब 100 किलोमीटर की परिधि में फैला है। इसके आसपास बलहा विधानसभा क्षेत्र के सैकड़ों गांवों में लाखों लोग रहते हैं। ऐसे में आबादी में पहुंचने वाले वन्यजीवों को पकड़ने और उनका उपचार करने के लिए स्थानीय स्तर पर स्थायी व्यवस्था जरूरी है।
25 मई से 23 नवंबर के बीच बाघ के हमलों में तीन और तेंदुओं के हमलों में 14 लोगों की जान गई। इस दौरान 28 लोग घायल हुए। मृतकों में नौ साल से कम उम्र के बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल हैं। गन्ने और दूसरी ऊंची फसलों में छिपे तेंदुए ग्रामीणों के लिए बड़ी चुनौती बने हुए हैं। कई बार खेतों में वन्यजीव की मौजूदगी का पता हमले के बाद चलता है।
-
खेतों में जाने से भी डर रहे ग्रामीण
वन्यजीव विशेषज्ञ और पूर्व वनाधिकारी एके गौतम का कहना है कि जंगल से सटे गांवों में किसानों को खेती के साथ परिवार की सुरक्षा की चिंता भी सता रही है। फसलों की रखवाली और कृषि कार्य के लिए खेतों में जाना उनकी मजबूरी है। अभिभावक बच्चों को अकेले बाहर भेजने से कतरा रहे हैं। आबादी में वन्यजीव दिखने पर ग्रामीणों को वन विभाग की टीम का इंतजार करना पड़ता है। ऐसे में प्रशिक्षित कर्मचारियों, आधुनिक उपकरणों और उपचार की सुविधाओं से लैस स्थानीय रेस्क्यू सेंटर की जरूरत है।
मुख्यमंत्री कार्यालय ने मांगी रिपोर्ट
सांसद डॉ. आनंद गोंड ने बताया कि उनके पत्र पर मुख्यमंत्री कार्यालय ने संज्ञान लेते हुए प्रमुख सचिव, वन एवं पर्यावरण से रिपोर्ट मांगी है। वन विभाग की रिपोर्ट के आधार पर शासन स्तर पर आगे का फैसला होगा। सांसद ने उम्मीद जताई कि कतर्नियाघाट में रेस्क्यू सेंटर बनने से आबादी में घुसने वाले तेंदुओं को पकड़ने, उनके उपचार और आपात स्थिति में वन विभाग की कार्रवाई में तेजी आएगी।