बहराइच। शासन द्वारा नामित नोडल अधिकारी ने बुधवार को कोविड अस्पतालों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिया कि स्वास्थ्य कर्मी अस्पतालों में प्रवेश करते समय पीपीई किट अनिवार्य रूप से पहनें ताकि वे अपने साथ दूसरों को भी सुरक्षित रख सकें।
विशेष सचिव, पंचायती राज राकेश कुमार ने नान कोविड सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुस्तफाबाद, जरवल, नान कोविड सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कैसरगंज तथा कैसरगंज अंतर्गत 50 शय्या के मैटरनिटी विंग का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सीएचसी मुस्तफाबाद जरवल के निरीक्षण के दौरान उन्होंने कोविड हेल्प डेस्क सहित कोविड उपचार संबंधी की गयी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान डॉ. निखिल सिंह ने बताया कि केंद्र अंतर्गत अब तक कोरोना वायरस से संक्रमित 96 मामले पाये गये हैं।
उधर, नान-कोविड 50 शय्या के मैटरनिटी विंग कैसरगंज के निरीक्षण के दौरान अधीक्षक डॉ. एनके सिंह द्वारा बताया गया कि केंद्र अंतर्गत कुल 74 व्यक्ति संक्रमित पाये गये थे जिनमें से 65 की रिपोर्ट निगेटिव पाये जाने पर उन्हें डिस्चार्ज किया जा चुका है। नोडल अधिकारी ने निर्देश दिया कि अपने को सुरक्षित रखते हुए पीपीई किट पहनकर ही हास्पिटल में प्रवेश करें, प्रतिदिन परिसर की साफ-सफाई एवं सैनिटाइज करायें। इस दौरान नोडल अधिकारी के लाइजन आफिसर पंकज शर्मा भी मौजूद रहे।