बहराइच। बैंक कर्मचारियों की दो दिन से चल रही हड़ताल के कारण बैंकों में ताले लटक रहे थे। इससे लोगों को बैंकिंग कार्य के लिए इधर-उधर चक्कर काटना पड़ा। वहीं, रविवार को साप्ताहिक अवकाश होने के कारण बैंक बंद रहे। ऐसे में एटीएम में कैश की कमी से लोग परेशान दिखे। एटीएम के बाहर पैसे निकालने वालों की कतार लगी रही।
यूनाईटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन की ओर से 31 जनवरी व एक फरवरी को राष्ट्रव्यापी हड़ताल की घोषणा की गई थी। दो दिवसीय हड़ताल के कारण अधिकतर बैंकों में ताले लटक रहे थे। लोगों को बैंकिंग कार्य निपटाने के लिए इधर-उधर भटकना पड़ा। वहीं, कैश की किल्लत भी लोगों को झेलनी पड़ी। रविवार को साप्ताहिक अवकाश होने के कारण बैंक तीसरे दिन भी बंद रहे। बैंकों में ताले लटकने के साथ ही एटीएम भी बंद नजर आये। कुछ एटीएम बूथ खुले भी थे तो उनमें कैश न होने के कारण लोगों को मायूस लौटना पड़ा। जबकि कई एटीएम के बाहर पैसे निकालने वाले लोगों की लंबी कतार लगी रही।
शहर के अस्पताल चौराहा स्थित एचडीएफसी, एक्सिस बैंक और आईसीआईसीआई व आईडीबीआई बैंक के एटीएम पर लोगों की कतार लगी रही। वहीं छावनी चौराहे के पीएनबी, बीओबी और अन्य एटीएम पूरी तरह से बंद रहे। बंद एटीएम को देखकर लोग मायूस होकर लौटते दिखाई दिए। एलडीएम बलराम साहू ने बताया कि एटीएम में कैश डालने वाली एजेंसियों को पैसे डालने के निर्देश जारी किए गए थे। अगर कुछ जगह दिक्कत आई है तो संबंधित एजेंसी से संपर्क कर जानकारी ली जाएगी।