बिछिया (बहराइच)। कतर्नियाघाट रेंज अंतर्गत कैलाशपुरी गांव निवासी पूर्व ग्राम प्रधान के खेत में सोमवार देर रात को हाथियों का झुंड पहुंच गया। इस दौरान हाथियों ने खेत में लगी गेहूं की फसल को रौंद दिया। इसके बाद टस्कर हाथी लगभग एक घंटे तक मस्जिद के बाहर चिंघाड़ता रहा। लोगों ने पीपा बजाकर हाथियों को जंगल की ओर भगाया। इसकी सूचना रेंज कार्यालय पर दी गई है। वनकर्मियों ने गश्त शुरू कर दी है।
कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के कतर्नियाघाट रेंज अंतर्गत कैलाशपुरी गांव में बीती देर रात हाथियों का झुंड पहुंच गया। हाथियों ने चहलवा गांव के पूर्व ग्राम प्रधान के खेत में लगी गेहूं की फसल को रौंद कर तहस-नहस कर दिया। पूर्व ग्राम प्रधान के मुताबिक लगभग दो बीघा गेहूं की फसल को हाथियों ने रौंद दिया गया। ग्रामीणों ने ढोल और पीपा बजाया। इस पर हाथी कैलाशपुरी बाजार के पास बने नाले को पार कर मस्जिद के पास पहुंच गए। यहां पर एक टस्कर हाथी खड़े होकर चिंघाड़ने लगा। ग्रामीणों के मुताबिक हाथी लगभग एक घंटे चिंघाड़ता रहा। हाथी की चिंघाड़ से पूरे गांव में दहशत रही। ग्रामीणों ने सूचना रेंज कार्यालय पर दी। वन रक्षक अब्दुल सलाम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। वन क्षेत्राधिकारी पीयूष मोहन श्रीवास्तव ने बताया कि वनकर्मियों से गश्त करवाया जा रहा है। प्रार्थना पत्र मिलने पर मुआवजा दिया जाएगा।