बिछिया। कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग में बुधवार रात दो स्थानों पर हाथियों के सड़क पर आने से करीब 15 मिनट तक आवागमन बाधित रहा। बिछिया बैरियर के पास एक हाथी और बिछिया-गिरजापुरी मार्ग पर हाथियों का झुंड पहुंच गया। झुंड को निजी रिसॉर्ट के पास देखकर पर्यटक सहम गए।
पहली घटना बुधवार रात करीब 10 बजे हुई। वन विभाग की टीम ने सायरन बजाकर हाथी को जंगल की ओर खदेड़ा। दूसरी घटना रात नौ बजे हुई, जहां झुंड करीब पांच मिनट तक सड़क पर खड़ा रहा। रिसॉर्ट प्रशासन ने सायरन बजाकर हाथियों को दूर किया।
वनक्षेत्राधिकारी आशीष गौड़ ने बताया कि गश्त बढ़ाई गई है। उन्होंने लोगों से हाथियों से दूरी बनाए रखने और सूचना देने की अपील की।