05 बीएचआर 32 - कतर्नियाघाट के भवानीपुर गांव में फसल को रौंदता हाथी।
- फोटो : BAHRAICH
बिछिया (बहराइच)। संरक्षित वन क्षेत्र से सटे गांवों में हाथियों का उत्पात जारी है। हाथियों ने जंगल से सटे गांव में किसानों के खेत में लगी गेहूं की फसल को रौंद दिया, जबकि जमुनिहा गांव में गन्ने की फसल को नष्ट कर दिया। किसानों ने ढोल पीपा बजाकर हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ा। इस दौरान सभी दहशत में रहे।
कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग में जंगली हाथियों की संख्या काफी बढ़ गई है। जंगल से सटे गांव में हाथी झुंड में पहुंचकर गेहूं व गन्ने की फसल बर्बाद कर रहे हैं। शुक्रवार को हाथियों का झुंड भवानीपुर गांव में पहुंच गया। हाथियों ने गांव निवासी ननकऊ, किशुन, बालकराम, पुर्णवासी, जगतराम आदि की गेहूं की फसल रौंद दी।
इसके बाद हाथी ने कारीकोट ग्राम पंचायत के जमुनिहा निवासी किसानों के गन्ने की फसल को तहस-नहस कर दिया। ग्रामीणों के मुताबिक हाथियों का झुंड घोसियाना, कैलाशपुरी, नईबस्ती, गिरिजापुरी, भवानीपुर व बिछिया में काफी संख्या में पहुंचकर उत्पात मचा रहा है, लेकिन वन विभाग द्वारा बचाव के कोई उपाय नहीं किए जा रहे हैं। हाथियों द्वारा फसल बर्बाद किए जाने की सूचना रेंज कार्यालय पर दी गई है, लेकिन कोई भी वनकर्मी मौके पर नहीं पहुंचा।