जरवल (बहराइच)। क्षेत्र में शुक्रवार को सुबह तेज हवाओं के साथ हुई बारिश व ओलावृष्टि से इलाके के करीब 12 गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। 72 घंटे बाद भी पावर कॉर्पोरेशन के अधिकारियों ने आपूर्ति बहाल करने के लिए कोई कदम नहीं उठाया। इसके चलते करीब 50 हजार लोग बिजली को तरस रहे हैं। पावर कॉर्पोरेशन के शिथिल रवैये से लोगों में आक्रोश है।
विद्युत उपकेंद्र जरवल के देहात फीडर से दर्जन भर से अधिक गांवों में बिजली आपूर्ति की जाती है। शुक्रवार भोर तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। ओलावृष्टि भी हुई। इसके चलते कई जगह तार व खंभे टूटकर जमींदोज हो गए। इससे ग्रामीण क्षेत्र की बिजली गुल हो गई। जरवल देहाती फीडर के तप्पेसिपाह, अटवा, झुकिया, आदमपुर, घूरनपुर, तकिया, मोरियाडीह समेत एक दर्जन से अधिक गांवों में बिजली आपूर्ति ठप है। 72 घंटे बीतने के बाद भी अभी तक पावर कॉर्पोरेशन के जिम्मेदारों ने बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए कोई कदम नहीं उठाया है।
क्षेत्र के रामकृपाल, रक्षाराम, रामतेज निषाद, गोपीनाथ मिश्रा, केके मिश्रा, कृष्णपाल, अनिल कुमार, विवेक राजपूत, सुभाष आदि ने बताया कि बिजली आपूर्ति ठप होने से गांवों में अंधेरा पसरा हुआ है। बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। अंधेरे के चलते चोर-उचक्कों के सक्रिय होने की संभावना है। ग्रामीणों ने बताया कि बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए अभी तक कोई कदम नहीं उठाया गया है। क्षेत्रवासियों ने अधीक्षण अभियंता विद्युत को पत्र भेजकर आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है।
बदले जा रहे हैं खंभे
आंधी व बारिश के चलते कई स्थानों पर खंभे टूट गए हैं। खंभे बदलवाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि देर रात तक बिजली आपूर्ति शुरू करा दी जाएगी।
- एएस रघुवंशी, अधीक्षण अभियंता विद्युत