नानपारा (बहराइच)। तीन दिन पहले लापता हुए युवक का शव सरयू नदी में उतराता मिला। युवक के चेहरे पर चोट के निशान हैं। शरीर पर दिख रहे चोट के निशान से आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या कर शव को सरयू नदी में फेंक दिया गया था। परिवारीजनों की ओर से दी गई सूचना के बावजूद भी पुलिस ने लापता होने के दो दिन बाद गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज किया था। घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोतवाली नानपारा क्षेत्र के पुरानी बाजार निवासी सुरेश कुमार गुप्ता (34) वर्ष पुत्र स्व. सीताराम गुप्ता का शव पतरहिया गांव के पास बह रही सरयू नदी में उतराता हुआ मिला। ग्रामीण की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकलवाया। जेब में रखे आधारकार्ड से युवक की पहचान हो सकी। युवक के चेहरे पर चोट के निशान हैं। दिख रहे चोट के निशान से आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या की गई है।
सुरेश के भाई महेश कुमार गुप्ता ने बताया कि 12 मार्च को सुबह 10 बजे घर से लापता हो गया था। पुलिस को सूचना दी गई थी, लेकिन पुलिस ने तत्काल मुकदमा न दर्ज करकेे 14 मार्च को गुमशुदगी का रिपोर्ट दर्ज की। अगर पुलिस सूचना पर तत्काल एक्शन लेती तो शायद ऐसा न होता। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत होने से परिवारीजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।