श्रावस्ती। जिले में पड़ रही भीषण उमस भरी गर्मी के बीच बिजली भी झटके दे रही है। रविवार को इनकमिंग लाइन में आई खराबी के कारण समूचा जिला पूरी रात अंधेरे में डूबा रहा। नगर क्षेत्र की आपूर्ति दोपहर बाद बहाल कर दी गई जबकि ग्रामीण क्षेत्रों की आपूर्ति बाघित रही।
मुख्यमंत्री द्वारा बिजली चोरी रोकने व बकाया भुगतान जमा किए जाने पर तोहफे के रूप में जिले को अबाध विद्युत आपूर्ति दिलाने की घोषणा की गई थी।
इसके लिए मुख्य सचिव द्वारा भिनगा नगर को 24 व जिले के अन्य हिस्सों को बीस घंटे विद्युत आपूर्ति देने का शासनादेश जारी किया गया था। जिसका जिले में अनुपालन नहीं हो सका है।
बढ़ती उमस भरी गर्मी के साथ ही जिले में अघोषित कटौती का सिलसिला भी बढ़ा है। इससे जहां भिनगा नगर को 12-15 घंटे आपूर्ति मिल पाना दूभर बना हुआ है। वहीं ग्रामीण उपभोक्ताओं को दस घंटे की आपूर्ति मिल पाना भी दूभर है।
रविवार से बादलों के लुकाछिपी के कारण भीषण उमस भरी गर्मी पड़ रही है। इसके विपरीत रविवार देर शाम बाधित हुई जिले की विद्युत आपूर्ति सोमवार दोपहर बाद भी बहाल नहीं हो सकी।
भिनगा नगर की आपूर्ति किसी तरह दोपहर दो बजे के बाद बहाल हुई जबकि जिले के शेष हिस्सों की आपूर्ति शाम तक बहाल नहीं हो सकी थी।
अधिशासी अभियंता विनय कुमार का कहना है कि बलरामपुर से जिले को मिलने वाली बिजली के इनकमिंग फीडर में खराबी आ गई थी। बलरामपुर में आई खराबी के कारण यह समस्या हुई थी। जिसे दूर कर जल्द ही आपूर्ति बहाल करा दी जाएगी।