अब बहराइच शहर में खंभों की जगह भूमिगत बिजली के तारों का जाल बिछेगा। मुख्यमंत्री ने इस योजना को हरी झंडी देते हुए त्वरित विकास कोष से 100 करोड़ रुपये जारी किए हैं। रविवार को गेंदघर मैदान से योजना का उद्घाटन ऊर्जा राज्यमंत्री यासर शाह ने किया।
पयागपुर तहसील मुख्यालय पर विद्युत उपकेंद्र बनाने की भी घोषणा की। मंच से एलईडी बल्ब का वितरण भी राज्यमंत्री ने किया। ऊर्जा राज्यमंत्री यासर शाह ने कहा कि एक वर्ष पूर्व बहराइच में भूमिगत केबल डालने की कार्ययोजना तैयार की गई थी। केंद्र सरकार के पास कार्ययोजना भेजी गई।
लेकिन वहां से पैसा नहीं दिया गया। इस पर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शहर की विद्युत लाइनों को भूमिगत किए जाने के लिए त्वरित विकास कोष से 100 करोड़ रुपये जारी किए है। अब दिल्ली और मुंबई की तर्ज पर शहर में खंभों और छतों से गुजरने वाली लाइनों को समाप्त कर दिया जाएगा।
उन्होंने पयागपुर तहसील में बिजली आपूर्ति के लिए उपकेंद्र बनाए जाने की घोषणा की। राज्यमंत्री ने मंच से एलईडी बल्ब का वितरण किया। पावर कॉर्पोरेशन के चेयरमैन व प्रमुख सचिव संजय अग्रवाल ने कहा कि हाईटेंशन विद्युत लाइन को भूमिगत किए जाने से लाइनलास की समस्या से काफी हद तक निजात मिलेगी। यूपीपीसीएल के प्रबंध निदेशक एपी मिश्रा ने कहा कि एलईडी बल्ब लगाने से विद्युत का खर्च कम हो जाएगा।
ऊर्जा राज्यमंत्री ने शनिवार को चफरिया बाजार में स्थित बप्पाजी महिला महाविद्यालय का शिलान्यास किया। उन्होंने बालिका शिक्षा के प्रति ग्रामीणों को जागरूक किया। उन्होंने दौलतपुर और सुजौली में विद्युत उपकेंद्र स्थापना को हरी झंडी दी। बिछिया से लखीमपुर तक टूलेन सड़क, गिरिजापुरी से हरखापुर तक सड़क और चऊरिया से गुरुद्वारा मटेही होते हुए सड़क निर्माण के प्रस्ताव शीघ्र बजट देने की बात कही।
पावर कॉर्पोरेशन की ओर से पहले दिन 55 हजार रुपये के एलईडी बल्ब की बिक्री की गई है। 100 रुपये के बल्ब बेचने से कॉर्पोरेशन ने 55 लाख रुपये की कमाई की है। अधिशासी अभियंता आरिफ अहमद ने बताया कि पहले दिन 55 हजार बल्ब की बिक्री की गई है।