बहराइच। शहर में अब लो-वोल्टेज और ट्रिपिंग की समस्या कम होने वाली है। तेज आंधी-पानी में भी तार टूटने और बिजली गुल होने की समस्या से छुटकारा मिल जाएगा।
पावर कॉर्पोरेशन ने आर्थिक विकास योजना के तहत शहर की उपरिगामी एचटी व एलटी विद्युत लाइनों को भूमिगत किए जाने की कवायद शुरू कर दी है।
पावर कॉर्पोरेशन ने शहरवासियों को बिजली की समस्या से निजात दिलाने के लिए मई में महानगरों की तर्ज पर विद्युत लाइनों को भूमिगत किए जाने की कार्ययोजना तैयार की थी।
योजना को अमलीजामा पहनाते हुए ठेकेदार को एक साल की अवधि में कार्य पूरा करने की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। शहरी क्षेत्र के 24 वर्ग किलोमीटर के दायरे में भूमिगत केबलों के कार्य पर 95.34 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
विभाग ने परियोजना प्रस्ताव जिला मुख्यालय भेजा था। मुख्यालय से आई टीम ने सर्वे के बाद परियोजना को हरी झंडी दे दी थी। उसके तहत परियोजना पर काम शुरू कर दिया गया है।
प्रोजेक्ट डिटेल
कॉर्पोरेशन द्वारा तैयार किया गए प्रोजेक्ट डिटेल में शहरी क्षेत्र के 33/11 केवी के पांच विद्युत उपकेंद्र व 11 केवी के 24 फीडरों से शहर के 24 वर्ग किलोमीटर में भूमिगत केबल को बिछाने का कार्य होना है। कार्य की लागत 95.34 करोड़ रुपये है। योजना से शहर के करीब 35 हजार उपभोक्ता लाभान्वित होंगे।
बिजली चोरी पर लगेगा अंकुश : एक्सईएन
एक्सईएन आरिफ अहमद ने बताया कि भूमिगत केबलों को बिछाने का कार्य मुख्यालय द्वारा ठेकेदार को सौंपा जा चुका है। ठेकेदार को एक साल में काम पूरा कर कॉर्पोरेशन को सौंपना है। एक्सईएन ने बताया कि भूमिगत केबल बिछने से बिजली चोरी पर पूरी तरह अंकुश लग जाएगा। इससे विभाग को तो फायदा होगा ही, उपभोक्ताओं को भी समस्या से निजात मिलेगी।