बहराइच। ग्राम प्रधान और पंचायत सदस्यों के पदों के लिए बहराइच में चार चरणों में चुनाव होंगे। इसके लिए प्रदेश स्तर से अधिसूचना जारी हो गई है। हालांकि, जिलाधिकारी रविवार को अधिसूचना जारी करेंगे।
पहले चरण में महसी क्षेत्र में चुनाव होगा, जिसमें 28 नवंबर को वोट पड़ेंगे। इन पदों के लिए चुनाव कराने की तैयारी प्रशासन कर चुका है।
बीडीसी और डीडीसी के चुनाव की प्रक्रिया थमने के बाद अब ग्राम प्रधान और पंचायत सदस्य पद के चुनाव की दुदुंभी बजने की तैयारी हो चुकी है।
चुनाव आयोग ने शनिवार को ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत सदस्य पदों के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी विद्याशंकर सिंह ने बताया कि जो कार्य योजना बनाई गई है उसके तहत प्रधान और सदस्य पदों पर भी चार चरणों में चुनाव होगा।
इसमें ग्राम प्रधान के कुल 1054 और ग्राम पंचायत सदस्य के 13838 पदों के लिए चुनाव कराया जाएगा। पहले चरण में महसी तहसील क्षेत्र के तेजवापुर, शिवपुर और महसी विकासखंडों में चुनाव होगा।
इसके लिए 16 व 17 नवंबर को नामांकन होगा। दूसरे चरण में तहसील क्षेत्र कैसरगंज के विकासखंड फखरपुर, कैसरगंज, हुजूरपुर व जरवल में चुनाव कराया जाएगा।
जबकि तीसरे चरण में नानपारा तहसील क्षेत्र के विकासखंड बलहा, मिहींपुरवा, नवाबगंज में चुनाव होगा। चौथे व अंतिम चरण में सदर तहसील के विकासखंड रिसिया, चित्तौरा, पयागपुर और विशेश्वरगंज में चुनाव कराया जाएगा।
दूसरे चरण के लिए एक दिसंबर, तीसरे के लिए पांच दिसंबर और चौथे चरण के लिए नौ दिसंबर को मतदान होगा। चारों चरण के चुनाव की मतगणना 12 दिसंबर को ब्लॉक मुख्यालयों पर सुबह आठ बजे से शुरू होगी।
श्रावस्ती में तीन चरणों में होगी वोटिंग
श्रावस्ती। यहां तीन चरणों में प्रधानी और पंचायत सदस्यों का चुनाव होगा। ये जानकारी देते हुए उप जिला निर्वाचन अधिकारी आरबी सोनकर ने बताया कि श्रावस्ती में ग्राम प्रधान के कुल चार सौ एवं ग्राम पंचायत सदस्य के 5,144 पद हैं।
पहले चरण में इकौना व गिलौला विकासखंड में चुनाव होगा। इसके लिए 16 व 17 नवंबर को नामांकन होगा। श्रावस्ती में तीसरे चरण में हरिहरपुरानी व जमुनहा विकासखंड में पांच दिसंबर को मतदान होगा।
वहीं, चौथे चरण में नौ दिसंबर को सिरसिया विकासखंड में चुनाव होगा। 12 दिसंबर को ब्लॉक मुख्यालयों पर सुबह आठ बजे से मतगणना होगी। उपजिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि दूसरे चरण में श्रावस्ती में मतदान नहीं है।