बहराइच। पंचायत चुनाव के लिए बृहस्पतिवार सुबह सात बजे से मतदान शुरू हुआ। मतदान के दौरान कई स्थानों पर मामूली झड़प और हिंसा भी हुई। छिटपुट हिंसा के बीच जिले में 70.15 फीसदी मतदान हुआ। खैरीघाट, कैसरगंज और हुजूरपुर में मारपीट व पथराव की घटना हुई। डीएम व एसपी मतदान केंद्रों का जायजा लेते रहे।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए बृहस्पतिवार की सुबह सात बजे से जिले के 14 विकास खंडों की 1036 ग्राम पंचायतों में मतदान शुरु हुआ। मतदान के दौरान विभिन्न स्थानों पर मतदाता सूची की गड़बड़ी की बात सामने आई। विकास खंड शिवपुर के असवा मोहम्मदपुर और रिसिया के बेहटा भया समेत कई स्थानों पर सूची और पहचान पत्र में नाम गलत होने के कारण कहासुनी का दौर चला। हुजूरपुर के नरौड़ा, खैरीघाट के संकल्प और कैसरगंज के पचलखी में हिंसक झड़प और मारपीट की घटना सामने आई। कई जगहों पर पुलिस को लाठियां भांजने को मजबूर होना पड़ा। डीएम शंभु कुमार और एसपी सुजाता सिंह पोलिंग बूथों का जायजा लेते रहे। छिटपुट झड़प और हिंसा के बीच देर शाम तक 70.15 फीसदी मतदान जिले में हुआ।
मतदान के दौरान कुछ स्थानों पर फर्जी वोटिंग किए जाने की बात भी सामने आई। फर्जी मतदान को लेकर विवाद भी पैदा हो गया। रामगांव, शिवपुर, हुजूरपुर, पयागपुर और अन्य स्थानों पर विवाद के हालात पैदा होते दिखे। करीब बीस से अधिक लोगों को फर्जी मतदान को लेकर पुलिस ने हिरासत में भी लिया। देर शाम सभी को रिहा कर दिया गया।
पंचायत चुनाव पर नजर रखने के लिए जिला प्रशासन ने ड्रोन कैमरों का भी सहारा लिया। जिले के 40 अति संवेदनशील बूथों पर ड्रोन लगा रखे गए थे। जिनकी कंट्रोल रुम से निगरानी की जाती रही।