बहराइच। पुरैना ग्राम पंचायत के प्रत्याशी के आकस्मिक निधन के बाद निर्वाचन अधिकारी ने प्रधान पद का चुनाव स्थगित करने की घोषणा जारी कर दी है। चुनाव आयोग को इसकी रिपोर्ट भी भेज दी गई है।
विकास खंड विशेश्वरगंज अंतर्गत ग्राम पंचायत पुरैना से विपिन कुमार मिश्रा ने नामांकन किया था। मंगलवार को उनकी जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। नामांकन पत्रों की जांच प्रक्रिया पूरी हो गई थी। ऐसे में चुनाव नहीं कराए जाने के लिए उनके पिता देवेश कुमार ने निर्वाचन अधिकारी को पत्र दिया था। चुनाव अधिकारी ने उच्चाधिकारियों व बीडीओ अमित मिश्रा से संपर्क किया। नामांकन वैध होने के कारण उनके परिवार को चुनाव में मौका दिए जाने का निर्णय लिया गया। ऐसे में निर्वाचन अधिकारी ने पुरैना का चुनाव स्थगित किए जाने की घोषणा की। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी देवेंद्र कुमार ने बताया कि पूरे मामले की रिपोर्ट चुनाव आयोग को भेज दी गई है। अग्रिम आदेश मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।