फखरपुर (बहराइच)। दुकान बंद कर घर जा रहे सराफ व्यापारी को लूट का विरोध करने पर गोली मारकर हत्या करने वाले तीसरे बदमाश को पुलिस ने दबोच लिया। बदमाश के पास से चोरी की बाइक, कट्टा व कारतूस बरामद हुआ है। हत्याकांड में शामिल दो बदमाशों को पुलिस पहले ही जेल भेज चुकी है। पकड़े गए बदमाश के ऊपर 50 हजार रूपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने बदमाश को जेल भेज दिया।
फखरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम रुकनापुर कला निवासी सर्राफ व्यापारी सुशील सोनी की 15 अप्रैल को अज्ञात बदमाशों ने लूट का विरोध करने पर फायर झोंक दिया था। व्यापारी की इलाज के दौरान जिला अस्पताल में मौत हो गई थी। एसपी सुजाता सिंह ने बदमाशों की गिरफ्तारी करने के लिए टीमें गठित की थी। एसपी के निर्देश पर फखरपुर थानाध्यक्ष श्यामदेव चौधरी ने मुखबिर का जाल बिछाया था। मंगलवार की भोर थानाध्यक्ष को मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित अपराधी वासुदेव पुत्र बाबादीन निवासी ताहापुर सिलौटा थाना रामनगर जिला बाराबंकी वकील से मिलने बहराइच आया था।
अब वह अपने घर जा रहा है। सूचना पर थानाध्यक्ष अपने दलबल के साथ सरायकाजी के पास पहुंचे तो देखा कि बाइक पर सवार होकर एक युवक आ रहा है। एसपी ने बताया कि पुलिस ने रूकने का इशारा किया तो वह रूका और कट्टा निकालकर फायर झोंक दिया। टीम ने अपना बचाव करते हुए हवाई फायरिंग की तो वह भागने लगा। इस पर घेराबंदी करते हुए टीम ने दबोच लिया। तलाशी के दौरान चोरी की बाइक, एक पिस्टल, तीन खोखा कारतूस बरामद हुआ। एसपी ने बताया कि बदमाश के खिलाफ 50 हजार रूपये का इनाम घोषित था। आरोपी को जेल भेज दिया गया।