पंडितपुरवा के पास झाड़ियों में बुजुर्ग ग्रामीण का शव मिलने के बाद जुटी भीड़।
बहराइच/खैरीघाट। पंडितपुरवा गांव के पास बृहस्पतिवार सुबह झाड़ियों में बुजुर्ग का शव पड़ा मिला। मृतक के कान, गले और कनपटी के पास चोट व गहरे जख्म के निशान मिले हैं। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।
तिवारीपुरवा निवासी रामफल (70) बुधवार दोपहर करीब तीन बजे चारा लेने घर से निकले थे। शाम तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की, लेकिन उनका पता नहीं चला। बृहस्पतिवार सुबह गांव से करीब 400 मीटर दूर पंडितपुरवा के पास झाड़ियों में शव मिलने की सूचना ग्रामीणों ने परिजनों को दी। परिजन मौके पर पहुंचे तो रामफल का शव झाड़ियों में पड़ा था। मृतक की बहू राखी देवी ने हत्या की आशंका जताते हुए थाने में प्रार्थना पत्र दिया है।
कुछ दिन पहले हुआ था विवाद
मृतक के पुत्र रविंदे ने बताया कि कुछ दिन पहले मेड़ काटने को लेकर कुछ लोगों से पिता की कहासुनी हुई थी। इसके अलावा किसी से रंजिश नहीं थी। पुलिस ने वन्यजीव के हमले की आशंका से भी इन्कार नहीं किया है। एएसपी नगर आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट होगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।