खैरीघाट/कैसरगंज/बाबागंज। खैरीघाट में मंगलवार सुबह पोती को स्कूल छोड़कर साइकिल से लौट रहे बुजुर्ग की अज्ञात वाहन की चपेट में आकर मौत हो गई। वहीं, दो अन्य सड़क दुर्घटनाओं में महिला और युवक की जान चली गई। खैरीघाट के भवानीदासपुरवा गांव निवासी सुरेश कुमार सिंह (60) मंगलवार सुबह अपनी पोती पलक को साइकिल से स्कूल छोड़ने गए थे। वहां से लौटते समय बरदहा मोड़ के पास किसी वाहन से उनकी साइकिल में टक्कर लग गई और वह गिरकर वाहन के नीचे आ गए। इससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। मृतक के भाई लल्लन सिंह की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है।
उधर, कैसरगंज के ग्राम निम्दीपुर निवासी आसिना (57) सोमवार शाम करीब सात बजे बेटे के साथ दोपहिया वाहन से नगर मुख्यालय स्थित रिश्तेदारी में जा रही थीं। कुंडासर के पास विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार बाइक से वाहन की टक्कर हो गई। हादसे में आसिना गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि उनके बेटे को हल्की चोट आई। निजी चिकित्सक से प्राथमिक उपचार के बाद आसिना को लखनऊ रेफर कर दिया। लखनऊ पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई।
इसी तरह रुपईडीहा में नरायनापुर गांव निवासी सुधीर कुमार सिंह (49) सोमवार देर शाम खाना खाने के बाद घर के बाहर टहलने निकले थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से घायल हो गए। परिजनों ने उन्हें सीएचसी नानपारा में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। थाना प्रभारी हरेंद्र कुमार मिश्र ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर वाहन चालक की तलाश की जा रही है। अपर पुलिस अधीक्षक डीपी तिवारी ने बताया कि सभी मामलों में शव को कब्जे में लेकर थाने की पुलिस टीम जांच कर रही है।