बहराइच। शहर के जोशियापुरा मोहल्ला निवासी कोरोना संक्रमित सेवानिवृत्त वृद्ध शिक्षक की मंगलवार को मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, जांच में चिकित्सकों समेत 46 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। संक्रमित चिकित्सकों को होम क्वारंटीन करा दिया गया है, जबकि अन्य मरीजों को कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शहर के मोहल्ला जोशियापुरा निवासी 74 वर्षीय वृद्ध सेवानिवृत्त शिक्षक थे। सोमवार को उनकी तबियत खराब हुई। इस पर परिवारीजन उन्हें मेडिकल कॉलेज बहराइच लेकर पहुंचे। यहां पर कोरोना जांच कराई गई। मेडिकल कॉलेज के मुख्य चिकित्साधीक्षक डॉ. डीके सिंह ने बताया कि जांच में वृद्ध कोरोना संक्रमित निकले। इस पर उन्हें भर्ती कर इलाज किया जा रहा था। मंगलवार को सुबह पांच बजे वृद्ध की इलाज के दौरान मौत हो गई। मुख्य चिकित्साधीक्षक डॉ. डीके सिंह ने बताया कि कोरोना प्रोटोकॉल के तहत बुजुर्ग का अंतिम संस्कार कराया गया।
उधर, कोरोना जांच में 46 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव निकली है। इनमें महसी सीएचसी के अधीक्षक, कांती कुबेर क्लीनिक के चिकित्सक कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। सीएमओ डॉ. सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि संक्रमित मिले चिकित्सकों को होम क्वारंटीन करा दिया गया है, जबकि अन्य लोगों को कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रभारी को नहीं मौत होने की जानकारी
स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोरोना से मौत के आंकड़े फीडिंग करने के लिए डॉ. योगिता जैन को प्रभारी बनाया गया है, लेकिन मंगलवार को कोरोना से हुई वृद्ध सेवानिवृत्त शिक्षक की मौत की जानकारी प्रभारी को नहीं थी। स्वास्थ्य सूचना शिक्षा अधिकारी आरके त्यागी ने बताया कि प्रभारी को मंगलवार की तिथि में किसी के मौत की जानकारी नहीं है।