बहराइच। जिले में बुजुर्गों के साथ ही 45 वर्ष के बीमार लोगों को सोमवार को कोरोना वैक्सीन की डोज मुफ्त में दी गई। दो केंद्रों पर 100 लोगों ने टीकाकरण कराया। जबकि निजी अस्पताल में कोई भी व्यक्ति वैक्सीनेशन के लिए नहीं पहुंचा। महिला अस्पताल में जिलाधिकारी ने अधिकारियों संग टीकाकरण का जायजा लिया। जबकि नानपारा में एसडीएम ने टीकाकरण का निरीक्षण करते हुए वृद्ध को पुष्प गुच्छ भेंट किया।
जिले में निवास करने वाले 60 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों का फ्री टीकाकरण सोमवार से शुरू हुआ। इसके अलावा 45 वर्ष पूरी करने वाले डायबिटीज, शुगर समेत अन्य बीमारियों से ग्रस्त लोगों को वैक्सीन लगनी है। सीएमओ डॉ. राजेश मोहन श्रीवास्तव ने बताया कि मेडिकल कॉलेज स्थित महिला अस्पताल और नानपारा सीएचसी में सुबह 10 बजे टीकाकरण शुरू हुआ। जिलाधिकारी शंभु कुमार ने महिला अस्पताल में टीकाकरण का जायजा लिया। साथ ही वहां पहुंचे एक बुजुर्ग से बातचीत करके लोगों को वैक्सीन लगवाने के लिए प्रेरित किया। डीएम ने सीएमएस डॉ. डीके सिंह व सीएमओ से सभी बुजुर्गों को बिना समस्या से वैक्सीन लगवाने की बात कही।
उधर नानपारा सीएचसी में आयोजित टीकाकरण का उपजिलाधिकारी (आईएएस) सूरज पटेल ने निरीक्षण किया। उन्होंने वैक्सीन लगवाने वाले बुजुर्ग को पुष्प गुच्छ भेंटकर हौसला बढ़ाया। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. वीपी वर्मा ने बताया कि महिला अस्पताल में 70 व नानपारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 30 लोगों का वैक्सीनेशन हुआ। इस दौरान अधीक्षक डॉ. चंद्रभान, डॉ. अर्चना, आरके विश्वास, चंदन मिश्र, अमान परवीन, सतीश, श्रवण समेत अन्य मौजूद रहे।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. वीपी वर्मा ने बताया कि शहर के रेनबो अस्पताल में 250 रुपये में आम आदमी के लिए टीकाकरण की सुविधा शुरू की गई है। मगर सोमवार को वहां एक भी व्यक्ति टीकाकरण कराने नहीं पहुंचा।