यूपी के बहराइच में बुधवार की दोपहर सरयू कछार में भेड़िये ने आठ वर्षीय बालक पर हमला कर दिया। आदमखोर बच्चे को जबड़े में दबाकर झाड़ियों में खींच ले गया। चीख सुनकर परिजन और गांव के लोग शोर मचाते हुए भेड़िये के पीछे दौड़े। कुछ दूर आगे जाकर भेड़िया बच्चे को छोड़कर जगंल की ओर भाग गया।
घटना फखरपुर ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम पंचायत मंझारा तौकली के देवनाथपुरवा की है। गांव निवासी विजय कुमार का बेटा अनिकेश (8) घर के बाहर खेल रहा था। इसी समय अचानक भेड़िया आ गया। बच्चे को जबड़े में दबाकर खेत की ओर भागा।
बच्चे की हालत गंभीर बनी हुई है
ग्रामीणों ने देखा तो आदमखोर का पीछा किया। घर से करीब 200 मीटर दूर खेत में बच्चा पड़ा मिला। भेड़िये ने बच्चे के सिर और शरीर के कई अन्य जगह का मांस नोचा था। उसे आनन फानन सीएचसी फखरपुर में भर्ती कराया गया। वहां उसका इलाज चल रहा है। बच्चे की हालत गंभीर बनी हुई है।
बताते चलें कि सरयू के कछार में अब तक चार बच्चों की जान जा चुकी है। जबकि, 15 से अधिक लोग घायल हो चुके हैं। ग्रामीण लाठी-डंडे और धारदार हथियार लेकर भेड़िये की तलाश कर रहे हैं। लगातार हो रहे हमले से ग्रामीणों में दहशत है। साथ ही जिम्मेदारों के प्रति नाराजगी भी है।
भेड़िये को पकड़ने के लिए जाल बिछा रहा वन विभाग
वन विभाग की लाख कोशिशों के बाद भी अभी तक आदमखोर जानवर पकड़ा नहीं जा सका है। रेंजर ओंकार नाथ यादव ने बताया कि भेड़िये को पकड़ने के लिए जाल बिछाया जा रहा है, लेकिन अभी वह पकड़ में नहीं आ रहा है। कोशिश जारी है।