बौंडी के बबूरी में भेड़िया की मांद।
- फोटो : बौंडी के बबूरी में भेड़िया की मांद।
बौंडी। सरयू नदी के कछार में बसे मंझारा तौकली के बबुरी गांव के पास घने जंगल में रविवार को भेड़िये की आठ से ज्यादा मांद मिलने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। रविवार सुबह ग्रामीण जब मौके पर पहुंचे तो एक मांद से अचानक भेड़िया निकलकर गन्ने की ओर भाग गया।
ग्रामीणों ने बताया कि भेड़िया लंबे समय से इसी जंगल में रहकर आसपास के इलाकों में घूमता है। गांव निवासी संजू और सुमेरी लाल ने बताया कि रविवार सुबह करीब 9 बजे वे जंगल के पास पशुओं के लिए खेत में चरी काटने गए थे। तभी दबे पांव आया भेड़िया उन पर झपटने की कोशिश करने लगा। शोर मचाने पर वह गन्ने के खेत की ओर भाग गया।
पूर्व प्रधान दिलीप यादव ने बताया कि गांव से सटे जंगल में करीब भेड़िये की आठ मांदें मिली हैं, जिनमें भेड़िये रहते हैं और समय-समय पर बाहर निकलकर गांव के पास पहुंच जाते हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से भेड़ियों के आतंक को खत्म करने और सुरक्षा की व्यवस्था करने की मांग की है।
रेंजर ओंमकार नाथ यादव ने बताया कि ग्रामीणों से मांद मिलने की सूचना मिली है, वहां पर कुछ दूरी पर पिंजरा लगाया गया है, पूरे क्षेत्र में कांबिंग की जा रही है। ड्रोन कैमरे भी लगाए गए हैं।
मचान बनाकर बिता रहे रात
भेड़िया प्रभावित गांव में दहशतजदा ग्रामीण मचान पर रात गुजार रहे हैं। ग्रामीणों ने कहा कि रात में नींद नहीं आती। हर समय हमले का डर सताता रहता है।
बकरी पर किया हमला
मंझारा तौकली गांव के पास रात में भेड़िये ने एक बकरी पर हमला किया। वहीं सुबह ग्रामीणों ने भी गन्ने के खेत के निकट दो भेडिये को देखने का दावा किया। लगातार हो रहे हमले से ग्रामीण दहशत में हैं।