बालापुर गांव में स्थित एक धर्मस्थल के सामने मिट्टी पटान को लेकर दो पक्षों के लोग रविवार सुबह आमने-सामने आ गए। कहासुनी के बाद जमकर तलवारबाजी हुई। हमले में आठ लोग घायल हुए हैं। सभी को सीएचसी पहुंचाकर भर्ती कराया गया है। इनमें दो की हालत नाजुक है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया है। तलवारबाजी करने वाले सभी आरोपियों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की गई है।
नवाबगंज थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत शिवपुर सेमरा के मजरा बालापुर में एक पक्ष विशेष के लोग पूजित देवस्थल के सामने रविवार सुबह मिट्टी डालकर चबूतरे का पटान कर रहे थे। इसका दूसरे पक्ष के लोगों ने विरोध किया। दोनों पक्ष के लोग आमने-सामने आ गए। कहासुनी के बाद तलवारें निकल आईं। जमकर संघर्ष हुआ।
संघर्ष में साकिर अली (43), जगधा (40), रहीसुन (28), जैनब (22), छोटकई (25), राजन (50), बिंद्रा (30), सोनावती (28) घायल हुए हैं। लहूलुहान हालत में सभी घायल नवाबगंज थाने पहुंचे। पुलिस ने मौके का मुआयना कर घायलों को सीएचसी पहुंचाकर भर्ती कराया है।
थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह का कहना है कि पुराने देव स्थल पर पटान को लेकर दोनों पक्षों में कई दिन से विवाद चल रहा है। कई बार समझाया भी गया था। उन्होंने कहा कि मारपीट करने वालों को चिन्हित कर उनके खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की जा रही है।