बहराइच। रामगांव थाना क्षेत्र में शनिवार की शाम तेज रफ्तार ई-रिक्शे ने पांच वर्षीय बालक को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल बालक को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। जहां से चिकित्सकों ने उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। वहां ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।
रामगांव थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत करकंडू निवासी आनंद (5) शनिवार की शाम को घर के बाहर खेल रहा था। इस दौरान वह घर के सामने से गुजरी सड़क पर पहुंच गया। जहां गुजर रहे तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल आनंद को लेकर परिजन मेडिकल कॉलेज पहुंचे। जहां हालत में सुधार न होता देख चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज के बाद उसे ट्राॅमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। इस दौरान रास्ते में उसकी मौत हो गई। मृतक के पिता रामसागर ने बताया की ई-रिक्शा चालक का पता लगाया जा रहा है। रामगांव थाना प्रभारी शशि कुमार राणा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।