मिहींपुरवा में सड़क हादसे में घायल नेपाली महिलाएं।
- फोटो : मिहींपुरवा में सड़क हादसे में घायल नेपाली महिलाएं।
मिहींपुरवा। मोतीपुर बैरियर के पास शुक्रवार को तेज रफ्तार बोलेरो से ई रिक्शा की टक्कर हो गई। हादसे में ई रिक्शा सवार आठ नेपाली श्रद्धालु घायल हो गए। इनमें दो लोगों को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य को सीएचसी मोतीपुर में प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
नेपाल निवासी श्रद्धालु रामपुर धोबिया स्थित बुढ़वा बाबा के अमावस्या मेले से दर्शन कर ई रिक्शा से लौट रहे थे। इसी दौरान मोतीपुर बैरियर के पास बोलेरो से टकराकर ई रिक्शा पलट गया। इससे तारावती, माधुरी, कृष्णावती, विमला, मनीषा, शकुंतला व पुष्पा के साथ ही नानपारा के बितनिहा निवासी ई रिक्शा चालक उदयराज घायल हो गए। हादसे के बाद बोलेरो चालक भाग निकला। स्थानीय लोगों ने घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी मोतीपुर पहुंचाया। वहां, चिकित्सकों ने पुष्पा व उदयराज की स्थिति नाजुक देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। अन्य लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।