रूपईडीहा। नेपाल-भारत सीमा पर भेप (इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट) की तस्करी का बड़ा नेटवर्क सामने आया है। शनिवार रात नेपाल राजस्व जांच विभाग और सशस्त्र पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में जड़ी-बूटियों की आड़ में आठ करोड़ की भेप तस्करी पकड़ी गई। वन विभाग की सील लगाकर तस्करी हो रही थी। पकड़ा गया ट्रक हुम्ला से नेपालगंज आ रहा था। ट्रक से 39,900 इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट जब्त की गई हैं।
नेपाल राजस्व जांच विभाग के महानिदेशक तीर्थराज चिलुवाल ने बताया कि शनिवार रात 11:15 बजे दैलेख के खिड़की जिउला क्षेत्र में संदेह के आधार पर एक ट्रक को पकड़ा गया। ट्रक को कब्जे में लेकर कोहलपुर स्थित राजस्व जांच कार्यालय लाया गया। वहां बांके जिला प्रशासन, वन कार्यालय, सशस्त्र पुलिस और उद्योग-व्यापार संघ के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में ट्रक के कंटेनर में लगी वन विभाग की सील तोड़ी गई। सील टूटने पर जड़ी-बूटियों के बीच भारी मात्रा में छिपाकर रखी गई इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट मिली। वन महानिदेशक चिलुवाल ने बताया कि तीन लोग गिरफ्तार किए गए हैं। महानिदेशक के अनुसार भेप तस्करों ने ट्रक को कैलाश ईश्वर जड़ी-बूटी खरीद-बिक्री केंद्र के नाम पर पास कराया था। बरामद भेप की कीमत 8 करोड़ नेपाली रुपये (करीब 5 करोड़ भारतीय रुपये) आंकी गई।