र्रा में यात्रा में हुए विवाद के दाैरान जमा लोग।
- फोटो : र्रा में यात्रा में हुए विवाद के दाैरान जमा लोग।
मिहींपुरवा। ग्राम उर्रा में सोमवार को गणेश प्रतिमा लाने के दौरान स्वागत जुलूस में गोला दागने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि दूसरे समुदाय के एक युवक ने आपत्ति जताई और अपशब्दों का प्रयोग किया। जुलूस में शामिल लोगों ने मौके पर मौजूद पुलिस चौकी इंचार्ज पर भी पक्षपात का आरोप लगाया। घटना से नाराज गणेश पूजा समिति के पदाधिकारी व ग्रामीण पंडाल में धरने पर बैठ गए। मौके पर पहुंचे एसएचओ मोतीपुर ने सभी को समझा बुझाकर शांत किया।
ग्राम उर्रा की गणेश पूजा समिति हर वर्ष गणेश उत्सव का आयोजन करती है। सोमवार को प्रतिमा जुलूस कारीकोट मंदिर से ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के बीच निकाला जा रहा था। इसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल थे। आरोप है कि दूसरे समुदाय के एक युवक ने पटाखा फोड़ने का विरोध किया। विवाद बढ़ने पर उसके परिवार के सदस्य भी आ गए। इससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। समिति के पदाधिकारियों का आरोप है कि मौके पर सुरक्षा के लिए पहुंचे जालिमनगर चौकी इंचार्ज कृष्ण कुमार सिंह ने निष्पक्ष रवैया अपनाने के बजाय जुलूस में शामिल श्रद्धालुओं से अभद्रता की। इससे माहौल और बिगड़ गया। मौके पर मौजूद लोग पंडाल में ही धरने पर बैठ गए। सूचना पर थानाध्यक्ष मोतीपुर आनंद कुमार चौरसिया ने मौके पर पहुंचे। उन्होंने सभी को समझा-बुझाकर शांत कराया। थानाध्यक्ष ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत पर आरोपी युवक और उसके परिजनों को थाने लाया गया है। मामले की जांच की जा रही है।