कोतवाली नानपारा क्षेत्र अंतर्गत रेलवे स्टेशन-गुलालपुरवा मार्ग पर मंगलवार सुबह दो पक्षों में विवाद हो गया। मौके पर पहुंचे राजा बाजार पुलिस चौकी के सिपाहियों ने बीच-बचाव कराने का प्रयास किया तो भीड़ में मौजूद एक व्यक्ति ने एक सिपाही पर चाकू से हमला कर दिया। लहूलुहान सिपाही को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। सिपाही की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है।
रुपईडीहा रेलवे क्रॉसिंग से गुलालपुरवा जाने वाले मार्ग पर मंगलवार सुबह हांड़ा बसेहरी निवासी रामविनायक अपने पिकप से गुजर रहा था। रास्ते में एक साइकिल सवार से विवाद हो गया। इस दौरान गुलालपुरवा और हांड़ा बसेहरी गांव के लोग लाठी-डंडा लेकर मौके पर इकट्ठा हो गए। मारपीट की नौबत बन गई। तभी किसी ने कोतवाली में फोन कर घटना की जानकारी दी। राजा बाजार पुलिस चौकी के सिपाही सुरेंद्र पासवान और रजनीश कुमार मौके पर पहुंचे।
उन्होंने लोगों को समझा बुझाकर बीच बचाव कराने का प्रयास किया। भीड़ में मौजूद गुलालपुरवा निवासी असलम पिकप चालक रामविनायक को रामपुरी चाकू दिखाकर धमका रहा था। सिपाही सुरेंद्र ने उसे टोका तो असलम सिपाही पर ही हमलावर हो गया। उसने सुरेंद्र पर चाकू से वार कर दिया। सुरेंद्र के बायें हाथ और पीठ पर जख्म हुआ है।