कैसरगंज (बहराइच)। बीडीओ कैसरगंज संदीप कुमार तिवारी ने बुधवार को ग्राम पंचायत कंदैला व मरौठी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कंदैला में उन्होंंने मुजीब बाबा के घर के पास स्थित तालाब की जांच के लिए राजस्व टीम को निर्देशित किया।
गांव में मुलकराज के घर से सतरुद्दीन के खेत तक मनरेगा योजना से लगभग 750 मीटर चकमार्ग कार्य पूरा मिला। लेकिन कार्य पूरा होने के बावजूद मस्टररोल व भुगतान जारी रहा। वहीं एक ही परियोजना को दो आईडी में बांटकर काम कराया जाना मिला। इस पर बीडीओ ने नाराजगी जाहिर करते हुए सचिव गुलाब चंद्र, तकनीकी सहायक शिवकुमार भास्कर व प्रधान की भूमिका को संदिग्ध मानते हुए जांच के निर्देश दिए। मरौठी में पंचायत भवन जर्जर मिला और भारी गंदगी मिली। यही नहीं प्राथमिक विद्यालय के सहायक अध्यापक मोहम्मद अख्तर द्वारा पंचायत भवन पर कब्जा कर शिक्षण कार्य करना मिला। बीडीओ ने शिक्षक के विरुद्ध भी जांच के निर्देश दिए। बीडीओ संदीप तिवारी ने बताया कि सभी की रिपोर्ट बनाकर उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।