तराई में मौसम का मिजाज बच्चों व बुजुर्गों पर भारी पड़ रहा है। रविवार को जिला अस्पताल में तीन बुजुर्ग रोगियों की मौत हो गई। इन्हें हाइपर टेंशन, सांस लेने में तकलीफ व कंपकंपी महसूस होने पर उनके परिवार वालों ने अस्पताल पहुंचाया था। वहीं डॉक्टरों का कहना है कि जिन रोगियों की इलाज के दौरान मौत हुई है, उन्हें बेहद गंभीर हालत में लाया गया था। उधर, रविवार को विभिन्न संक्रामक रोगों से पीड़ित और 19 रोगी भर्ती हुए हैं। दो की हालत गंभीर है।
दरगाह शरीफ थाना अंतर्गत दरगाह मोहल्ला निवासी अब्दुल मजीद (60) को शनिवार की सुबह तेज कंपकंपी, झनझनाहट व सीने में तेज दर्द महसूस हुआ। थोेड़ी देर बाद मजीद की हालत ज्यादा बिगड़ने लगी तो परिवार वालों ने तत्काल उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
इसी प्रकार, कैसरगंज थाना अंतर्गत प्यारेपुर गांव निवासी अतीक खान (70) व खैरीघाट थाना क्षेत्र के अरनवा गांव निवासी मोहनलाल (80) ने भी दम तोड़ा है। उधर, रविवार को बुखार, डायरिया, निमोनिया व अन्य संक्रामक रोगों से पीड़ित और 19 रोगी अस्पताल में भर्ती हुए हैं। इनमें जनार्दन (2) मल्हीपुर, श्याम (8) जरवल की हालत नाजुक बताई गई है।