सीएचसी में महिला का इलाज करते चिकित्सक। - स्रोत : ग्रामीण
शिवपुर/खैरीघाट। घरेलू विवाद के चलते बुधवार को एक महिला ने मासूम बेटी को गोद में लेकर नहर में छलांग लगा दी। मां और बहन को डूबता देख किनारे खड़ी बड़ी बेटी ने शोर मचाया, तो दो राहगीरों ने नहर में कूदकर दोनों की जान बचाई। मां-बेटी को सीएचसी में भर्ती कराया गया है, दोनों की हालत स्थिर है।
ग्राम भयापुरवा निवासी साइदा (28) का बुधवार सुबह परिवार के लोगों से विवाद हो गया। गुस्से और आक्रोश में आकर वह अपनी दोनों बेटियों को लेकर गांव के निकट से बहने वाली नहर के किनारे पहुंची। बड़ी बेटी वालीता (4) को किनारे छोड़ साइदा ने छोटी बेटी खलीसा (3) को गोद में लेकर नहर में छलांग लगा दी।
मां और बहन को नहर में डूबता देख किनारे खड़ी वालीता ने रोते हुए चीखना शुरू कर दिया। बालिका की चीख सुनकर खेतों की ओर जा रहे कोरियनपुरवा निवासी रामचंदर और हरिश्चंद्र बिना देर किए नहर में कूद पड़े और मां-बेटी को डूबने से बचा लिया।
ग्रामीणों की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। सीएचसी शिवपुर के अधीक्षक डॉ. नलिन रजा ने बताया कि दोनों को समय पर इलाज मिल गया है, अब वे पूरी तरह खतरे से बाहर हैं। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि गौतम गुजराती ने पुष्टि की कि महिला ने पारिवारिक विवाद के चलते यह कदम उठाया।