जरवलरोड में गायत्री मंदिर के सामने पलटा ट्रैक्टर। -संवाद
जरवलरोड/कैसरगंज। जिले में बृहस्पतिवार सुबह हुए सड़क हादसों में एक युवक की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। जरवलरोड में ट्रैक्टर पलटने से चालक की नीचे दबकर मौत हो गई। वहीं, कैसरगंज में घने कोहरे के कारण रोडवेज बस और ट्रक की टक्कर हो गई। हादसे में पीछे से आ रही कार भी बस से टकरा गई। घायलों को सीएचसी कैसरगंज में भर्ती कराया गया है।
जरवलरोड के रुदायन गांव के पास बृहस्पतिवार सुबह नौ बजे एक युवक ट्रैक्टर पर गन्ना लादकर आईपीएल चीनी मिल जा रहा था। गायत्री मंदिर के सामने ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। इसके नीचे दबकर कुरसंडा, थाना कैसरगंज निवासी चालक देशराज (26) की मौत हो गई। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
उधर, बहराइच-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर कैसरगंज क्षेत्र के बढ़ौली पड़ाव के पास बृहस्पतिवार सुबह कैसरगंज से लखनऊ जा रही रोडवेज बस की ट्रक से टक्कर हो गई। इसके बाद पीछे से आ रही कार भी बस में भिड़ गई। हादसे में बस चालक सलमान (40) निवासी फखरपुर, रुस्तम (55) निवासी लखनऊ, नसीर अहमद (36) निवासी फखरपुर और संवारी (60) निवासी वैरी महेशपुर समेत पांच लोग घायल हो गए।
एंबुलेंस से सभी को सीएचसी कैसरगंज पहुंचाया गया। थाना प्रभारी राजकुमार पांडेय ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को राजमार्ग से हटवा दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
घने कोहरे के चलते हुआ हादसा
बस चालक सलमान ने बताया कि बढ़ौली पड़ाव के पास घना कोहरा होने से दृश्यता बेहद कम थी। कोहरा बढ़ने पर वह बस की रफ्तार धीमी कर रहा था, तभी अचानक सामने ट्रक आ गया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाता, दोनों वाहनों की टक्कर हो गई।