बहराइच। रिसिया नगर पंचायत में जल्द ही लोगों को जलभराव की समस्या से राहत मिलने वाली है। इसके लिए शासन ने एक करोड़ 93 लाख रुपये स्वीकृत किए है। 48 लाख की पहली किस्त जारी की गई है। अब उम्मीद है कि जल्द ही यह काम शुरू होंगे। सीवर लाइन डालने का काम किया जाएगा।
नगर पंचायत रिसिया की आबादी करीब 20 हजार के आसपास है। यहां पर 11 वार्ड है। लेकिन बारिश में यहां के लोगों को जलभराव की दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। सीवर लाइन न होने से भी लोगों को समस्या होती है।
इन समस्याओं को ध्यान में रखते हुए इसके निस्तारण के लिए नगर पंचायत प्रशासन ने प्रस्ताव बनाकर शासन से धन की मांग की थी। इस पर शासन ने पहली किस्त जारी कर दी है। इससे अब जल्द ही यहां पर विकास कार्य शुरू हो सकेंगे।
रिसिया नगर पंचायत में जलनिकासी समस्या दूर करने के साथ सीवर लाइन के लिए स्वीकृत मिली है। कार्य के लिए पहली किस्त जारी की गई है। इससे जल्द ही वहां काम शुरू होगा।
- मोनिका रानी, डीएम
नगर पंचायत में नहीं ईओ की तैनाती
रिसिया (बहराइच)। रिसिया नगर पंचायत कार्यालय में अधिशासी अधिकारी के तबादले के बाद से किसी कि नियुक्ति न होने के कारण पद रिक्त हैं। यहां पर ईओ की कुर्सी खाली पड़ी है। अधिशाषी अधिकारी का कार्य भार एसडीएम सदर डाॅ पूजा यादव देख रहीं थी लेकिन उनका भी गैर जिले में तबादला हो जाने के कारण पद रिक्त हो गया है। जिसके चलते नगर पंचायत क्षेत्र की जनता के कार्य प्रभावित हो रहे हैं। सरकारी कार्य भी प्रभावित हैं।