बहराइच। बहराइच-जरवल रोड के बीच प्रस्तावित नई रेल लाइन को लेकर एक बड़ी प्रगति सामने आई है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंगलवार को लोक सभा में बहराइच-जरवल रोड नई रेललाइन के संबंध में पूछे गए सवाल के जवाब में बताया कि 70 किलोमीटर लंबी इस रेल लाइन का सर्वेक्षण पूरा हो चुका है और इसकी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) भी तैयार कर ली गई है।
रेल मंत्री ने बताया कि वर्तमान में बहराइच और जरवल रोड गोंडा जंक्शन के माध्यम से रेल नेटवर्क से जुड़े हुए हैं, लेकिन नई सीधी रेल लाइन के निर्माण से इस क्षेत्र को तेज, सुगम और बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। इससे यात्रा का समय घटेगा और क्षेत्र के आर्थिक, सामाजिक व औद्योगिक विकास को भी नई गति मिलेगी।
डीपीआर तैयार होने के बाद अब इस परियोजना को स्वीकृति दिलाने के लिए राज्य सरकार सहित विभिन्न संबंधित विभागों से परामर्श, नीति आयोग की समीक्षा तथा वित्त मंत्रालय की मंजूरी जैसी प्रक्रियाएं पूरी करनी होंगी। उन्होंने बताया कि बहराइच-खलीलाबाद 240 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन परियोजना पर पहले से ही काम चल रहा है।
बहराइच-जरवल रोड रेलवे लाइन आंदोलन को लेकर अमर उजाला ने पूर्व में समाचार का प्रकाशन किया था। अब जिले के लोगों में खुशी की लहर है।