बहराइच के नाजिरपुरा में एसआईआर का फॉर्म भरते लोग। -संवाद
बहराइच। जिले में एसआईआर फॉर्म भरने का अभियान कुछ मतदान केंद्रों पर सुस्त पड़ता दिख रहा है। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगाकर बीएलओ मतदाताओं से एसआईआर फॉर्म भरवा रहे हैं, लेकिन लोगों द्वारा समय से फॉर्म जमा न करने पर बीएलओ और प्रशासन दोनों ही परेशान हैं।
जिले के हर बूथ पर बीएलओ सुबह से शाम तक फॉर्म भरने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। लेकिन बार-बार कहने के बावजूद लोग फॉर्म जमा करने में कोताही बरत रहे हैं। कई लोग फॉर्म लेकर घर तो चले जाते हैं, लेकिन बाद में लौटाते नहीं हैं। इससे न तो मतदाता सूची का अद्यतन कार्य समय पर पूरा हो पा रहा है, न ही एसआईआर से जुड़ा जरूरी रिकॉर्ड तैयार हो पा रहा है।
पयागपुर के बीएलओ ने राजेश कुमार और नानपारा के एसके वर्मा ने बताया कि एसआईआर फॉर्म मतदाता पहचान की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए अनिवार्य है। इसमें आधार नंबर, परिवार का विवरण, पहचान संबंधी दस्तावेज और पते की पुष्टि शामिल होती है।
इसके आधार पर ही सूची के दोहराव, त्रुटि और नए मतदाताओं की पहचान की जाती है। लेकिन लोगों की उदासीनता के कारण काम की गति बेहद धीमी है।बीएलओ सुनीता का कहना है कि लगातार समझाने और जागरूक करने के बावजूद लोग फॉर्म जमा कराने में लापरवाही कर रहे हैं, जबकि यह चुनावी प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
जिला निर्वाचन अधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने अपील की है कि सभी लोग समय पर एसआईआर फॉर्म भरकर जमा करें, ताकि मतदाता सूची का संशोधन कार्य समय पर पूरा किया जा सके। प्रशासन ने बीएलओ को भी निर्देश दिए हैं कि घर-घर संपर्क बढ़ाकर फॉर्म जल्दी से जल्दी जमा कराकर उसको डिजिटाइज्ड कराएं।