खैरीघाट क्षेत्र में कुत्ते के हमले में जख्मीबच्ची। -संवाद
शिवपुर। खैरीघाट क्षेत्र के लोग लगातार हो रहे कुत्तों के हमलों से परेशान हैं। बृहस्पतिवार सुबह करीब 11 बजे बरदहा बाजार निवासी आठ वर्षीय बच्ची को सड़क पर घूम रहे कुत्ते ने काटकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। इससे ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है। ग्रामीणों ने प्रशासन से कुत्तों से निजात दिलाने की मांग की है।
बरदहा बाजार निवासी आठ वर्षीय यास्मीन बृहस्पतिवार को घर से सामान लेने के लिए निकली थी। उसी दौरान सड़क पर घूम रहे कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया। यास्मीन के पिता सोनू खान ने बताया कि कुत्ते के हमले में बेटी गंभीर रूप से जख्मी हो गई है।
घटना के बाद तत्काल उसको सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवपुर ले जाया गया। प्राथमिक उपचार कर उसे एंटी रैबीज का टीका लगाया गया। सोनू ने बताया कि इससे पूर्व भी गांव में घूम रहे कुत्तों का झुंड कई लोगों पर हमला कर जख्मी कर चुका है। प्रशासन कुत्तों से निजात दिलाने लिए कोई ठोस कार्ययोजना नहीं बना रही है, जिससे सभी में गुस्सा बढ़ता जा रहा है।
इस मामले में सीएचसी अधीक्षक डॉ. नलिन रजा ने बताया कि बच्ची के हाथ और पैर में कुत्ते के काटने के निशान हैं। उसके परिजनों को बच्ची के घाव की साफ-सफाई करने की सलाह दी गई है।