रिसिया के प्राथमिक विद्यालय बंगलाचक का निरीक्षण करते जिलाधिकारी।
- फोटो : BAHRAICH
रिसियामोड़ (बहराइच)। शिक्षा की गुणवत्ता को परखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी शंभु कुमार ने प्राथमिक विद्यालय बंगलाचक का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्कूल में पुस्तकालय और पंचायत भवन में कॉमन सर्विस सेंटर की स्थापना के भी निर्देश दिए। बच्चों की कॉपियों को जांचते हुए डीएम ने सवाल भी किए।
विद्यालय के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अन्य व्यवस्थाओं के साथ-साथ शिक्षा की गुणवत्ता को परखने के लिए कक्षा 4 व 5 के छात्र-छात्राओं की कॉपियां जांचीं। डीएम ने किसी पेड़ में तने की उपयोगिता तथा गणित के सवाल-जवाब किये।
जिलाधिकारी की ओर से पूछे गये प्रश्नों का सही जवाब देने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार स्वरूप स्टेशनरी व चाकलेट दी गई। जबकि अन्य बच्चों को भी चाकलेट व टॉफी बांटी गई। इससे पूर्व जिलाधिकारी ने पंचायत भवन का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
कायाकल्प योजना के तहत सुदृढ़ीकरण कार्य से आच्छादित किये गये विद्यालय व पंचायत भवनों के बारे में बीएसए को विद्यालय में लाइब्रेरी तथा डीपीआरओ को पंचायत भवन में कॉमन सर्विस सेंटर संचालित कराये जाने का निर्देश दिया। इस मौके पर एसडीएम सदर रामचंद्र यादव, बीएसए एसके तिवारी, परियोजना निदेशक अनिल कुमार सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी जीडी यादव, डीपीआरओ उमा शंकर पांडेय आदि मौजूद रहे।