बहराइच। जिलाधिकारी शंभु कुमार ने मंगलवार देर रात जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। चिकित्सालय परिसर व इमरजेंसी वार्ड के सामने बेतरतीब खड़े वाहन देखकर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। डीएम ने चौकी इंचार्ज को तलब कर वाहनों का चालान करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी शंभु कुमार मंगलवार देर रात सीडीओ अरविंद चौहान के साथ जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण करने पहुंच गए। परिसर में इधर-उधर खड़े वाहनों को देखकर डीएम काफी नाराज हुए। उन्होंने चौकी प्रभारी को चिकित्सालय में तलब कर निर्देश दिया कि नियमित रूप से परिसर का निरीक्षण करें और नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों का चालान कर अर्थदंड वसूल किया जाय।
डीएम ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. डीके सिंह को निर्देश दिया कि परिसर में नो पार्किंग के बोर्ड लगवायें जाएं और इसका अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए, ताकि किसी भी मरीज या तीमारदारों को असुविधा न हो। इसके बाद जिलाधिकारी ने इमरजेंसी वार्ड, जनरल वार्ड, चिल्ड्रेन वार्ड, एनआरसी व रैन बसेरा आदि का निरीक्षण कर मरीजों व तीमारदारों से चिकित्सालय द्वारा प्रदान की जा रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान एक-दो एसी खराब मिले।
इस पर डीएम ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को निर्देश दिया कि तत्काल एसी दुरुस्त कराएं ताकि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। निरीक्षण के दौरान इमरजेंसी में मानक से कम चिकित्सकों की तैनाती की जानकारी पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने सीएमएस को निर्देश दिया कि इमरजेंसी में चिकित्सकों की तैनाती मानक के अनुसार कराएं। इस मौके पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेश सिंह, एसडीएम सदर कीर्ति प्रकाश भारती आदि लोग मौजूद रहे।