बहराइच। जिलाधिकारी डा. दिनेश चन्द्र ने सीएमओ कार्यालय में संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान, कोविड टीकाकरण व आयुष्मान गोल्डेन कार्ड के प्रगति की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान निरस्त कार्ड फिर से न बनाने पर तीन प्रभारी चिकित्साधिकारियों को प्रतिकूल प्रविष्टि दिए जाने के निर्देश दिए। साथ ही डीएचआईओ व एसीएमओ को भी नोटिस जारी करने के निर्देश डीएम ने दिए।
डीएम ने समीक्षा में पाया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र हुजूरपुर, नवाबगंज व फखरपुर द्वारा निरस्त किए गए गोल्डेन कार्डों को पुन: बनाए जाने के लिए कोई कार्रवाई नहीं की गई है। कहा कि 15 दिन में निरस्त कार्डों को पुन: नहीं बनवाया गया तो प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को प्रतिकूल प्रविष्टि दी जाएगी। इसके बाद भी निरस्त कार्डों के संबंध में यदि कोई कार्रवाई नहीं की जाती है तो वेतन बाधित किया जाए। साथ ही डीएचआईओ रवीन्द्र त्यागी एवं एसीएमओ डा. राजेश गौतम को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कोविड टीकाकरण की समीक्षा के दौरान पाया गया कि मंगलवार को 18,139 टीकाकरण हुआ है अब तक 7,66,194 को टीकाकरण हुआ है।
जनपद में अच्छे टीकाकरण के लिए जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. वीपी वर्मा व एसीएमओ डा. जयंत कुमार को पुरस्कृत किया गया। इसके बाद जिलाधिकारी ने अन्य अधिकारियों के साथ महर्षि बालार्क चिकित्सालय में स्थापित किए गए 900 एलएमटी क्षमता के ऑक्सीजन प्लाट का निरीक्षण किया। अवसर पर सीडीओ कविता मीना, सीएमओ डॉ. राजेश मोहन श्रीवास्तव, एसटीओ अशोक कुमार प्रजापति, सीएमएस डा. ओपी पांडेय, चिकित्सालय प्रबंधक रिजवान व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।