चित्तौरा (बहराइच)। कोतवाली देहात के चिलवरिया बाजार में शनिवार रात धर्म विशेष के कुछ युवकों ने दूसरे समुदाय के युवकों पर हमला कर दिया। हाथों में तलवार, तमंचा आदि लेकर पहुंचे युवकों के हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इस दौरान पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे भी लगाए गए। पुलिस ने 13 नामजद व 25 अज्ञात पर मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर सोमवार को व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद रखी।
कोतवाली देहात के चिलवरिया बाजार निवासी अमन सोनी, राकेश राजपूत, सुहेल, मुकेश कुमार, विशाल चौहान आदि का कहना है कि वे शनिवार शाम चिलवरिया बाजार स्थित भाजपा कार्यालय के पास खड़े थे। इसी दौरान धर्म विशेष के राफू, नसरुद्दीन, कमरुद्दीन, शेखू, हामिद, मोहम्मद शमी उर्फ टायफून, नूर बाबू, छगनू, फरीद, इमरान, सानू, मोहम्मद नफीस, कमाल खां व लगभग 25 अज्ञात आदि मौके पर पहुंचे।
सभी ने कस्बे में दुर्गा पूजा बढ़ चढ़कर मनाने की बात कहते हुए गाली देना शुरू कर दी। जब इसका विरोध किया तो पहले से तलवार, तमंचा, डंडा आदि लेकर पहुंचे लोगों ने हमला कर दिया। हमले में सभी चोटिल हो गए और अमन सोनी के सिर में धारदार हथियार लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
अमन सोनी का आरोप है कि इस दौरान युवकों ने पाकिस्तान जिंदाबाद व धार्मिक नारे भी लगाए। अमन सोनी को मेडिकल कॉलेज से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। थाना प्रभारी मनोज पांडेय ने बताया कि अमन सोनी की तहरीर पर 13 नामजद व 25 अज्ञात पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
क्षेत्र में तनाव, पुलिस कर्मियाें ने की गश्त
दो समुदायों के बीच हुए विवाद में दूसरे समुदाय के लोगों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है। लोगों ने आरोप लगाया कि धारदार हथियार से गंभीर घाव होने के बाद भी पुलिस ने मामूली धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की है, जिससे फिर विवाद हो सकता है। आक्रोशित व्यापारियाें ने आरोपियोंं की गिरफ्तारी न होने के विरोध में सोमवार को चिलवरिया बाजार में दुकानें बंद रखी। मामला दो समुदायों के बीच का होने के चलते सोमवार को भी क्षेत्र में तनाव की स्थिति रही। सुरक्षा को लेकर पुलिस कर्मी बाजार में गश्त करते रहे।