बहराइच। पुरानी पेंशन योजना की बहाली, न्यूनतम मूल वेतन का लाभ समेत अन्य मांगों को लेकर विशिष्ट बीटीसी शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों व सदस्यों ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया।
पदाधिकारियों ने पांच सूत्री ज्ञापन डीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजा है। मांगों पर विचार न होने पर शिक्षकों ने चार सितंबर को लखनऊ में प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है।
प्रदर्शन के दौरान आयोजित सभा में जिलाध्यक्ष बृजेश कुमार सलिल ने मांग उठाई कि एक अप्रैल 2005 के बाद नियुक्त सभी शिक्षकों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ दिया जाए।
समस्त पदोन्नति प्राप्त शिक्षकों को न्यूनतम मूल वेतन का लाभ मिले। जिला महामंत्री निरंकार जायसवाल ने कहा कि शिक्षकों की मांगें शासन स्तर पर लंबित हैं। एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने कई बार शासन स्तर पर वार्ता की लेकिन सिर्फ आश्वासन मिला है। अभी तक मांगों के संबंध में आदेश जारी नहीं किए गए हैं, इससे शिक्षकों में निराशा है।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष विमलेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि मांगों पर जल्द निर्णय लिया जाए, अन्यथा चार सितंबर को शिक्षक दिवस की पूर्व संध्या पर लक्ष्मण मेला पार्क लखनऊ में विशाल धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान राजीव श्रीवास्तव, शाश्वत कलहंस, प्रवीण श्रीवास्तव, प्रदीप त्रिपाठी, आशुतोष आजाद, अनिल कुमार, महीप मौर्य, संतोष वर्मा, सर्वेश कुमार, शिव प्रकाश सिंह आदि लोग थे।