बहराइच (ब्यूरो)। जिले के सरकारी अस्पतालों में भ्रष्टाचार व अवैध वसूली के खिलाफ आम आदमी पार्टी ने मोर्चा खोल दिया हैै।
बुधवार को पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन कर सीएमएस व सीएमओ पर कई गंभीर आरोप लगाए।
आप ने नगर मजिस्ट्रेट वीएन पांडेय को 11 सूत्री ज्ञापन सौंपा है। चेतावनी दी है कि यदि व्यवस्थाओं व सुविधाओं में सुधार नहीं हुआ तो सड़क पर उतरकर उग्र प्रदर्शन किया जाएगा।
आप जिला संयोजक संतोष कुमारी रस्तोगी के नेतृत्व में बुधवार को कार्यकर्ता व पदाधिकारी जिला अस्पताल परिसर पहुंचे। यहां सभी सांकेतिक धरने पर बैठ गए।
इस सूचना से स्वास्थ्य महकमे व पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। मौके पर पीएसी व पुलिस के जवान मुस्तैद कर दिए।
इस दौरान कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने शांतिपूर्वक स्वास्थ्य महकमे के खिलाफ नारे लगाए। संतोष कुमारी ने कहा कि इलाज की आस में पहुंचने वाले रोगियों को लूटा जा रहा है।
सुविधाएं सिर्फ कागजों पर हैं। रुपये देने पर ही इलाज मयस्सर हो रहा है। प्रसूताओं से अवैध वसूूली हो रही है। उन्हें भोजन नहीं मिल रहा है, जबकि ठेकेदारों की जेब भर रही है। इस बंदरबांट में अधिकारी व बाबू मिले हुए हैं।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि जननी सुरक्षा योजना व जननी शिशु सुरक्षा योजना में बंदरबांट की जा रही है। अस्पताल में पेयजल, बिजली व्यवस्था ध्वस्त है।
इस दौरान दीपक श्रीवास्तव, मोहम्मद सईद खान, गीता मिश्रा, विद्यानंद गिरि, विनोद सिंह रैकवार, छेदीराम, राकेश श्रीवास्तव, सैय्यद इक्तेदार हुसैन आदि लोग मौजूद थे।