सरोवर में गंदा पानी भर जाने पर प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित लोगों को समझाते एसडीएम।
नानपारा। श्री कालीकुंड मंदिर परिसर स्थित भगवान शिव के सरोवर में नगर का गंदा पानी भरने से बुधवार को हिंदू संगठनों और श्रद्धालुओं का आक्रोश फूट पड़ा। मंदिर परिसर में बैठक के बाद संगठनों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने नानपारा-बहराइच मार्ग पर मंदिर के सामने प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने आगामी सोमवार के जलाभिषेक से पहले सरोवर से गंदा पानी निकलवाने, टूटी रेलिंग की मरम्मत कराने और नगर का पानी दोबारा सरोवर में न पहुंचने देने के लिए स्थायी जल निकासी व्यवस्था की मांग की। सूचना पर उप जिलाधिकारी प्रकाश सिंह राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से वार्ता की। उन्होंने बताया कि नगर पालिका की टीम जनरेटर लगाकर दिन-रात जल निकासी कराएगी, इसकी शुरुआत कर दी गई है।
नाले में लगे जाम और अतिक्रमण को हटाकर तत्काल जल निकासी सुचारु कराने के निर्देश दिए गए हैं। स्थायी नाला निर्माण की कार्ययोजना तैयार कर जिलाधिकारी को भेजी जाएगी। आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। बारिश के दौरान पानी के दबाव से नाले की दीवार क्षतिग्रस्त होने के बाद गंदा पानी सरोवर में पहुंचा था। मंदिर व्यवस्थापक मुक्तिनाथ साहू समेत अन्य लोगों ने प्रशासन से समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है।
मौके पर प्रभारी निरीक्षक गुरूसेन सिंह, कस्बा प्रभारी कामेश्वर राय समेत भारी पुलिस बल मौजूद रहा।