कैसरगंज में कोरोना मरीज मिलने के बाद बनाया गया हॉटस्पॉट।
- फोटो : BAHRAICH
कैसरगंज (बहराइच)। कस्बा निवासी एक गर्भवती महिला लखनऊ में जांच रिपोर्ट में कोरोना संक्रमित मिली है। एंबुलेंस से महिला को कोविड लेवल अस्पताल ले जाकर भर्ती करा दिया गया है। जिला मजिस्ट्रेट ने डिहवा शेरबहादुर सिंह गांव को हॉटस्पॉट बनाते हुए लोगों के आवागमन पर पूरी तरह से रोक लगा दी है। साथ ही घर-घर तक सामान पहुंचाने के लिए कर्मचारी नामित किए गए हैं। उपजिलाधिकारी इसकी निगरानी करेंगे।
कैसरगंज ब्लॉक के डिहवा शेरबहादुर गांव निवासी एक गर्भवती महिला लखनऊ में हुई जांच में कोरोना संक्रमित मिली है। इस पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने देर रात महिला को एंबुलेंस की मदद से मेडिकल कॉलेज स्थित कोविड अस्पताल में भर्ती कराया। जिलाधिकारी शंभु कुमार ने गांव को हॉटस्पॉट घोषित कर दिया है। जिलाधिकारी ने जारी दिशा निर्देश में कहा है कि 21 दिनों तक गांव में पूरी तरह से आवागमन बंद रहेगा। हॉटस्पॉट के दौरान जो भी आवागमन करेगा, उसके खिलाफ महामारी उल्लंघन की कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने कैसरगंज के उप जिला मजिस्ट्रेट आईएएस महेश कुमार कैथल को निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी है।
एसडीएम ने बताया कि गांव में आवश्यक वस्तुओं को घर-घर पहुंचाने के लिए कर्मचारियों को नामित कर दिया गया है। साथ ही प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह पुलिस व्यवस्था देखेंगे। एसडीएम ने बताया कि हॉटस्पॉट के दौरान सिर्फ आपातकालीन सेवाओं का संचालन ही गांव से किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि खाद्यान्न, दूध, सब्जी, दवा आदि की उपलब्धता कराने वाले कर्मचारियों के नंबर सार्वजनिक कर दिए गए हैं।