पयागपुर (बहराइच)। पयागपुर सर्किल के पुलिस अधिकारियों की समीक्षा बैठक डीआईजी की अध्यक्षता में हुईं। इस दौरान सर्किल में 153 विवेचनाएं लंबित होने पर डीआईजी ने नाराजगी जताते हुए जल्द विवेचना गति बढ़ाने के निर्देश दिए।
पयागपुर में पुलिस महकमे की सर्किल के सभी थानों में लंबित विवेचनाओं की समीक्षा पुलिस उपमहानिरीक्षक देवीपाटन मंडल राकेश सिंह ने की। समीक्षा के दौरान डीआईजी ने कहा कि पूरे सर्किल में 153 विवेचनाएं लंबित हैं। जिसमें सबसे अधिक रिसिया थाने में 62 मामले लंबित हैं।
उन्होंने इस रफ्तार से विवेचना होगी तो पुलिस विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठेंगे। उन्होंने धीमी विवेचना पर नाराजगी जताते हुए और तेजी लाने के निर्देश दिए। डीआईजी ने बताया कि पयागपुर में 48, विशेश्वरगंज में 30 व रानीपुर में 13 विवेचना लंबित हैं। डीआईजी ने इसके लिए सभी को 10 दिसंबर तक का समय दिया है।
उन्होंने कहा कि समयावधि बीतने के बाद संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। डीआईजी ने बताया कि पूरे मंडल के सभी जिलों में सर्किलवार समीक्षा की जा रही है। उसके बाद पुन: 15 दिसंबर से समीक्षा की जाएगी। इस दौरान क्षेत्राधिकारी सदर त्रयम्बक नाथ दुबे सहित सभी थानों के विवेचकगण मौजूद रहे।