कतर्नियाघाट में डीएफओ के ट्रांसफर होने पर एक-दूसरे को मिठाई खिलाते लोग।
बहराइच/बिछिया। अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रहे डीएफओ कतर्नियाघाट बी. शिवशंकर का शनिवार की रात प्रशासन की ओर से काशी तबादला कर दिया गया। डीएफओ के तबादले से जहां एक ओर अतिक्रमण का विरोध करने वालों में दुख है तो वहीं बिछिया बाजार के लोगों में खुशी है। बिछिया बाजार के लोगों ने डीएफओ के तबादले की सूचना पर एक दूसरे को मिठाई खिलाई और आतिशबाजी की।
डीएफओ कतर्नियाघाट रहे बी. शिवशंकर का लगभग डेढ़ साल का कार्यकाल सख्त फैसलों का रहा। डीएफओ ने जहां जंगल के भीतर बनी लक्कड़शाह बाबा की मजार को अतिक्रमण घोषित करते हुए बुलडोजर कार्रवाई करवाई, तो वहीं बिछिया बाजार को अतिक्रमण करार देकर बेदखली का नोटिस जारी किया। डीएफओ के इन सख्त फैसलों से जहां एक धड़ा उनके कार्यों की प्रशंसा कर रहा है तो वहीं बिछिया बाजार के लोग उनके तबादले पर खुशी मना रहे हैं।